प्रयागराज महाकुंभ में लगाए जा रहे मेहंदीपुर बालाजी सेवा शिविर में भक्ति, सेवा और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में आयोजित यह शिविर प्रतिदिन भक्तों को आध्यात्मिक शांति और भक्ति का अनुभव करवा रहा है। शिविर में प्रतिदिन भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। बलिया के प्रसिद्ध गायक चिंटू सेवक और उनकी टीम अपनी भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर रहे हैं। इसके साथ ही महाकुंभ प्रयागराज की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, शिविर में सुबह-शाम भजनों और हरि कीर्तन की विशेष व्यवस्था की गई है। बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा शिविर में सुबह और शाम दोनों समय श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है। वहीं धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में पूरे दिन हवन, पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं, जो भक्तों को आत्मिक शांति प्रदान कर रहे हैं। कुंभ और भक्ति का संगम
प्रयागराज कुंभ, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का संगम होता है, भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का केंद्र है। इस आयोजन में भजन, कीर्तन और सेवा कार्य कुंभ की आध्यात्मिकता को और भी गहन बना रहे हैं। मेहंदीपुर बालाजी सेवा शिविर कुंभ के अवसर पर भक्तों के लिए आत्मिक सेवा का माध्यम बन रहा है। महंत नरेशपुरी महाराज के मार्गदर्शन में यह आयोजन भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा और बालाजी महाराज की कृपा प्रदान कर रहा है। ऐसे में श्रद्धालु महाकुंभ के पावन आयोजन का हिस्सा बनें और कुंभ की दिव्यता का अनुभव करें। जिससे आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो सके।


