प्रयागराज महाकुंभ में मेहंदीपुर बालाजी के महंत डॉ नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में चल रहे सेवा शिविर में श्रद्धालुओं की रंगत बनी हुई है। जहां पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यहां आयोजित सेवा शिविर में महाकुंभ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बालाजी ट्रस्ट द्वारा सुबह का नाश्ता और दोनों समय का भोजन निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। यह भंडारा पूरे कुंभ मेले के दौरान अनवरत जारी रहेगा। भोजन के साथ-साथ शिविर में कंबल वितरण भी किया जा रहा है। जहां बुधवार को महंत ने सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। महंत डॉ नरेशपुरी महाराज ने कहा- अन्न का दान, जहां भूख मिटाने का सर्वोत्तम माध्यम है, वहीं जरूरतमंदों को कंबल वितरण ठंड से बचाने के लिए सहारा देने का सर्वोत्तम कार्य है। यह दोनों सेवाएं मानवता की सच्ची सेवा है। शिविर में भोजन के साथ कंबल भी वितरित किए जा रहे हैं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। सेवा शिविर में सैकड़ों कार्यकर्ता दिन-रात सेवा में जुटे हुए हैं, ताकि किसी भी भक्त को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं ने सेवा शिविर की व्यवस्था, प्रसादी और कंबल वितरण के कार्यों की सराहना की।


