रायपुर-दुर्ग को जोड़ने वाले महादेव घाट पुल पर सोमवार को दोपहर ट्रक बिगड़ गया। ट्रक की चौड़ाई ज्यादा होने से पुल का रास्ता संकरा हो गया और थोड़ी ही देर में गाड़ियों की कतार लग गई। पुल के आस-पास पुलिस की टीम नहीं थी, इस वजह से एक के बाद एक गाड़ियां जाम में फंसती गईं। करीब 4 घंटे गाड़ियां जाम में फंसी रही। इस दौरान दोनों ओर डेढ़-डेढ़ किलोमीटर तक गाड़ियां की कतार लग गई। जाम की सूचना मिलने पर ट्रैफिक की टीम मौके पर पहुंची। उसके बाद क्रेन बुलाकर ट्रक को पुल से हटाया गया। इसमें भी पुलिस को करीब डेढ़ घंटे लग गए। उसके बाद ट्रैफिक क्लियर हो पाया। इस दौरान धूप ज्यादा होने के कारण लोग परेशान होते रहे। पुलिस ने बताया कि अम्लेश्वर की ओर से एक ट्रक आ रहा था, जो पुल पर खराब हो गया।


