महापौरों को गनमैन दिलाएंगे मंत्री विजयवर्गीय:टेंडर लेकर काम नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई; CM बोले-शहर के विकास के लिए सभी काम करेंगे

मध्य प्रदेश के 16 नगर निगमों के महापौर को गनमैन दिए जाएंगे। नगरीय विकास विभाग के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गृह विभाग को इस संबंध में पत्र लिखने की बात कही है। मंत्री विजयवर्गीय ने महापौरों से कहा है कि कम टेंडर पर कई ठेकेदार ठेका ले लेते हैं। लेकिन काम नहीं करते। ऐसे ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जरूरत है। नगर निगम आयुक्तों से कहा गया है कि वे महापौरों के साथ तालमेल बनाकर काम करें। मंत्री ने यह भी साफ कर दिया है कि नगर निगमों को अपना खर्च चलाने के लिए खुद को आत्मनिर्भर बनाना होगा और इसके उपाय भी खुद ही करने होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी नगर निगमों में विकास समिति बनाई जाएगी। अपने शहर के विकास के लिए डॉक्टर, इंजीनियर, सिटी प्लानर, प्रोफेसर, लेक्चरर, टीचर सब मिलकर काम करेंगे। हमने इसी बजट में शहरों में विकास समिति बनाने का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के महापौरों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महापौर शहर के प्रथम नागरिक हैं। नगर और नागरिकों के विकास के लिए पूरी क्षमता, समर्पण और सेवा भावना से काम करें। उन्होंने कहा कि हमारे शहर विकास के मामले में अव्वल रहे इसके लिए नगर विकास के रोडमेप पर लगातार चर्चा की जाएगी। म.प्र. महापौर संघ के अध्यक्ष पुष्यमित्र भार्गव (महापौर इंदौर) के नेतृत्व में प्रदेश के 12 शहरों के महापौर ने सोमवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में सौजन्य भेंट की। महापौरों ने शहर के विकास के लिए अपनी-अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को महापौर संघ के अध्यक्ष ने मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में महापौरों के लिए प्रोटोकॉल बनाए जाने, इनके वित्तीय अधिकार बढ़ाए जाने, नगर निगमों में अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी की पूर्ति किए जाने और महापौरों को एक-एक सुरक्षाकर्मी भी दिए जाने की मांग की गई है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि प्रदेश के 16 नगर निगमों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में राज्य सरकार की और से हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि निकायों को और अधिक अधिकार देकर सशक्त बनाया जाएगा। नगर निगम महापौरों को सुरक्षा की दृष्टि से गनमैन दिलाने के लिए गृह विभाग को पत्र लिखा जाएगा। खेल मंत्री ने नगर निगमों में खेल प्रोत्साहन को लेकर ली बैठक इसके पहले खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में खेलों के उन्नयन के लिये प्रदेश के सभी महापौरों की बैठक ली। मंत्री सारंग ने कहा कि नगरीय निकायों के पास पहले से मौजूद खेल मैदानों व अधोसंरचना का उन्नयन कर खेल गतिविधियों को गति दी जा सकती है। बैठक में नगरीय निकायों और खेल विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया जिससे राज्य भर में खेलों का व्यापक प्रसार और विकास किया जा सके। मंत्री सारंग ने कहा कि नगरीय निकायों में कम्युनिटी स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विभिन्न पहल की जा सकती हैं। इसमें फिट इंडिया क्लब की स्थापना तथा सामुदायिक स्तर पर विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन प्रमुख है। खेल प्रोत्साहन के लिए क्षेत्र चिह्नित करें उन्होंने महापौरों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खेलों के उन्नयन के लिये क्षेत्र चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार करें। मंत्री सारंग ने बताया कि भोपाल में प्रदेश का पहला फिट इंडिया क्लब स्थापित किया गया है जिसका द्वितीय चरण वर्तमान में निर्माणाधीन है। इसी मॉडल को अपनाते हुए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में सर्वसुविधायुक्त फिट इंडिया क्लब स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने महापौरों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन क्लबों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर शीघ्र प्रस्ताव भेजें। बैठक में खेल विभाग द्वारा प्रारंभ किये गये नवाचार- खेलो बढ़ो अभियान, पार्थ, मध्यप्रदेश युवा प्रेरक अभियान पर भी चर्चा हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *