महामाया मंदिर मार्ग पर जाम हुई नाली, ट्रैक्टर और थ्रेसर बना बाधा

भास्कर न्यूज | करही बाजार महामाया मंदिर पहुंच मार्ग पर बनी नाली के ऊपर स्थानीय निवासी जगदीश पटेल द्वारा ट्रैक्टर और थ्रेसर खड़ा कर दिए जाने से नाली पूरी तरह जाम हो गई है। इससे न केवल नाली की सफाई बाधित हो रही है, बल्कि गांववासियों और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से गांव के लोग प्रतिदिन मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं, और शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारियों की गाड़ियाँ भी यहीं से निकलती हैं। ऐसे में नाली और आधी सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-थ्रेसर के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। पूर्व में ट्रैक्टर हटाने के लिए संबंधित व्यक्ति से कहा गया और पुलिस चौकी करही बाजार में लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। यदि बरसात के पूर्व नालियों की सफाई नहीं करवाई गई तो जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है और लोगों को पानी में चलकर मंदिर जाना पड़ेगा। गांव की नई सरपंच कमल निषाद से लोगों को उम्मीदें हैं कि वह जल्द कार्रवाई करेंगी। वहीं, वर्तमान वार्ड पंच चित्रलेखा देवांगन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिन्होंने चुनाव से पहले नाली की सफाई का वादा किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *