महाराजा गंगासिंह जयंती पर रामसरा में दी श्रद्धांजलि:ग्रामीणों ने किया नमन, सरपंच ने बताया ‘धान का कटोरा’ बनाने वाला

महाराजा गंगासिंह की जयंती के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत रामसरा नारायण के थेड़ी गंगानी स्थित महाराजा गंगासिंह चौक पर ग्रामीणों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए। गांव के सरपंच हरदीप सिंह रोड़िकपुरा ने कहा कि गंगानगर और हनुमानगढ़ को ‘धान का कटोरा’ बनाने का श्रेय महाराजा गंगासिंह को जाता है। उन्होंने समय पर नहरों की व्यवस्था कर खेती-किसानी को नई दिशा दी, जिससे इस क्षेत्र की तस्वीर बदल गई। सरपंच ने महाराजा के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की, जिसने रेगिस्तानी इलाके को हरे-भरे खेतों में बदल दिया। पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ ने महाराजा गंगासिंह को किसानों का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि महाराजा के प्रयासों से न केवल खेती को बल मिला, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास में भी प्रगति हुई। राठौड़ ने युवा पीढ़ी को महाराजा के जीवन से प्रेरणा लेने और उनकी नीतियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने महाराजा गंगासिंह के योगदान को अविस्मरणीय बताया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर शिशुपाल सिंह, आनंद सिंह राठौड़, अशोक बिका, जितेंद्र राजावत, पूर्व सरपंच जसवीर सिंह मान, उपसरपंच रघुवीर ओढ़, पूर्व सरपंच नौरग चांवरिया, हरबंस सिंह, शिशपाल टाक, उदयभान सिंह, शक्ति सिंह राठौड़, किशन सिंह सिसोदिया, ओम ब्रह्मा और रुद्र प्रताप सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *