छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में महेबा मऊसहानिया स्थित महाराजा छत्रसाल महल के पास दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना धुवेला में महल के समीप हुई। मारपीट का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अभी तक पीड़ितों व हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि कुछ लड़कों ने दो युवकों को घेर लिया और उन्हें लात-घूंसों के साथ बेल्ट से पीटा। दोनों युवक खुद को बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार मारपीट करते रहे। मौके पर मौजूद लोग देखते रहे, किसी ने रोका नहीं वीडियो में यह भी दिख रहा है कि घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग पूरी घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। इस दौरान मारपीट बिना रुके चलती रही। एक दर्जन से अधिक लोग दिखे वायरल वीडियो में एक दर्जन से अधिक लोग दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर एक मोटरसाइकिल खड़ी है, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल जमीन पर गिरी हुई नजर आती है। लड़कों के पास एक लड़की भी खड़ी होकर पूरी घटना देखती दिखाई दे रही है। पुलिस बोली- वीडियो की जांच जारी, पहचान के बाद कार्रवाई नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ितों और हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


