भास्कर न्यूज | अमृतसर इस साल महाशिवरात्रि 26 फरवरी को शहर के मंदिरों में मनाई जाएगी। इसी को लेकर शिवाला बाग भाइयां मंदिर कमेटी की तरफ से बैठक की गई। जिसमें महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रभात फेरियां निकालने की जानकारी दी गई। मंदिर कमेटी के प्रधान जतिंदर अरोड़ा और महासचिव संजय अरोड़ा ने बताया कि मंदिर की ओर से 26 जनवरी को पहली प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी माल रोड, हुकम सिंह रोड समेत अन्य इलाकों में जाएगी। सुंदर फूलों से सजी पालकी में चांदी के पंचमुखी शिवलिंग और बाबा भोले नाथ का चित्रपट विराजमान किया जाएगा। जबकि 2 फरवरी को प्रभात फेरी कृष्ण स्कवेयर, पवन नगर, कांगड़ा कॉलोनी में पहुंची। वहीं 9 फरवरी को कश्मीर एवेन्यू, गोपाल मंदिर, सहज एनक्लेव, 16 फरवरी को शरीफपुरा, हुसैनपुरा और तहसील पुरा में पहुंचेगी। जबकि 23 फरवरी को शिवाला कॉलोनी, प्रोफेसर कॉलोनी और सुंदर नगर में यह प्रभात फेरियां जाएगी। इसके लिए मंदिर कमेटी की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। संजय अरोड़ा ने बताया कि यह प्रभात फेरी शिवाला बाग भाइयां से शुरू होकर अलग-अलग इलाकों में जाएगी। मंदिर कमेटी और संगत के सहयोग से मनाई जाने वाले महाशिवरात्रि के दिन माथा टेकने आने वाले भक्तों के लिए खास इंतजाम किया जाएगा। मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तजन बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पाएंगे। भोलेनाथ को बर्फी, मट्ठी समेत अन्य कई तरह के भोग लगाए जाएंगे। जबकि 1 मार्च को जागरण और 3 मार्च को रुद्राभिषेक ब्रह्मभोज भंडारा लगाया जाएगा।


