प्रतापगढ़ में इस वर्ष महाशिवरात्रि मेला 26 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद इस मेले पर एक करोड़ रुपए से अधिक खर्च करेगी। पांच दिवसीय मेले में विशेष आकर्षण स्टार नाइट शो होगा। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर, तारक मेहता उल्टा चश्मा के शरद सांखला (अब्दुल) और कपिल शर्मा शो के किकू शारदा शामिल होंगे। मेले के पहले दिन स्थानीय स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन विराट भजन संध्या का आयोजन होगा। तीसरे दिन लाफ्टर शो और चौथे दिन स्टार नाइट शो होगा। अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन के साथ मेले का समापन होगा। नगर परिषद सभापति राम कन्या प्रहलाद गुर्जर ने बताया कि मेले में 50,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुलभ शौचालय और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग के अनुसार ही सेलिब्रिटी को बुलाया गया है। मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।


