जोधपुर में शादी समारोह के लिए गेस्ट को लाने जा रहे इनोवा कार के ड्राइवर और उसके साथी के साथ Vip गाड़ी को ओवरटेक करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट करने वालों में हरियाणा की राजनीतिक पार्टी से जुड़े लोग बताए जा रहे हैं। इसको लेकर मंडोर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। इनोवा ड्राइवर का आरोप है कि जिन लोगों ने मारपीट की उनके पास हथियार भी थे। इधर घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार जोधपुर में फलोदी के परिवार की शादी समारोह दईजर के पास एक रिसॉर्ट में होनी थी। इनोवा ड्राइवर ने बताया कि मंगलवार सुबह शादी में शामिल होने के लिए सूरत से आए मेहमानों को लेने के लिए सुबह 4:30 बजे रवाना हुए थे। नौ मिल से आगे निकलते ही आगे तीन स्कॉर्पियो चल रही थी। स्कॉर्पियो के बीच में एक लग्जरी गाड़ी भी थी। उन्होंने अपनी गाड़ी से ओवरटेक किया तो स्कॉर्पियो के चालक ने उनकी गाड़ी के आगे ओवरटेक कर रास्ता रुकवा दिया। इसके बाद उनकी गाड़ी के पीछे एक अन्य गाड़ी लगा दी। डर के मारे जब उन्होंने कांच नहीं खोले तो बंदूक से ड्राइवर और को ड्राइवर साइड के कांच तोड़ दिए। पीड़ित ने बताया कि हमला करने वाले प्राइवेट बाउंसर थे। उन्होंने AK 47 ले रखी थी। उन्होंने उसके एक साथी के साथ भी मारपीट की। ड्राइवर ने आरोप लगाया की मारपीट करने वाले सभी शराब के नशे में थे उन्होंने मारपीट करने के बाद वापस चले जाने को कहा। इसके बाद वो गाड़ी घुमा कर दो किलोमीटर आगे चले। स्कार्पियो सवार लोग वापस पीछा करते हुए आए और उनकी गाड़ी के आगे रास्ता ब्लॉक करके रुकवाया और उसके बाद उनकी गाड़ी के कांच भी फोड़ दिए। बाद में सभी वहां से अपनी गाड़ी में सवार होकर रवाना हो गए। घटना के बाद पीड़ित ड्राइवर और उसके साथी ने मंडोर थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था जिसमें मारपीट का आरोप लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।


