महासमुंद के करणी कृपा पावर प्लांट में फिर हादसा:कंवेयर बेल्ट में फंसा मजदूर का हाथ, पुलिस को नहीं दी सूचना,4 महीने में चौथी घटना

महासमुंद के खैरझिटी गांव स्थित करणी कृपा पावर प्लांट में एक और दुर्घटना सामने आई है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक मजदूर का हाथ कंवेयर बेल्ट में फंस गया। घायल मजदूर को प्लांट प्रबंधन ने रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जिला मुख्यालय से 14 किलोमीटर दूर स्थित इस प्लांट में 4 महीने में यह चौथी दुर्घटना है। प्लांट प्रबंधन की लापरवाही का आलम यह है कि घटना की सूचना तुमगांव पुलिस को नहीं दी गई। थाना प्रभारी हितेश जंघेल ने भी पुष्टि की कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। प्लांट के एचआर विभाग के निखिल सिंह का कहना है कि उन्होंने टेलीफोन पर पुलिस को सूचित कर दिया है। उनका दावा है कि 24 घंटे के भीतर औपचारिक सूचना दी जाएगी। एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि हादसे में घायल मजदूर का नाम हर्ष साहू है और वो रायपुर के घिवारा का रहने वाला है। प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि दुर्घटनाओं की जानकारी छिपाई जाती है। घायलों को सीधे रायपुर ले जाया जाता है। मृत्यु के मामलों में भी जिला प्रशासन को सूचित नहीं किया जाता। जब मामले सामने आते हैं, तब प्रशासन भी सिर्फ औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *