महासमुंद में बीटीआई रोड स्थित वन विद्यालय के पास सरकारी जमीन पर दुकानों का अवैध निर्माण किया गया था। जांच और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए जमीन दलाल समेत शासकीय कर्मचारियों ने खुद ही निर्माणाधीन दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया। मामला खसरा नंबर 102/5 का है। यहां चार दुकानें बनाई जा रही थीं। दैनिक भास्कर ने जब कलेक्टर विनय कुमार लहंगे को इस अवैध निर्माण की जानकारी दी, तब उन्होंने दुकानों को तोड़ने का आदेश दिया। साथ ही शासकीय कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए। जांच से बचने के लिए की गई कार्रवाई शुक्रवार सुबह जमीन दलाल कृष्णा कुमार साहू ने मजदूरों से दुकानें तुड़वाना शुरू कर दिया। निर्माण सामग्री को ट्रैक्टर में भरकर हटा दिया गया। यह कार्रवाई जांच से बचने के लिए की गई। जमीन दलाल कृष्णा कुमार साहू, पटवारी अरविंद चंद्राकर और उनकी पत्नी भूमिका चंद्राकर, शिक्षिका भारती चंद्राकर, उनके पति शिक्षक मोहित चंद्राकर और शिक्षक विकास साहू भी इस अवैध खरीदी – फरोख्त मामले में शामिल हैं।


