मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा रतलाम में दिए गए लाड़ली बहनों को लेकर विवादित बयान का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को सागर में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाले भाजपा के मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए। दरअसल, कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने रतलाम में बैठक के दौरान लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए महिलाओं को लेकर विवाद बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जिन लाड़ली बहनों को पैसे मिल रहें हैं। सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, उन्हें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सम्मान सभा में आना चाहिए। जो बहनें सभा में शामिल होने नहीं आएंगी। उनको योजना में बढ़ाई जाने वाली सहायता राशि की पात्रता की पुनः जांच कराई जाने चाहिए। बयान सामने आने के बाद से विरोध शुरू हुआ। जिसको लेकर सागर में महिला कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
सागर कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष रेखा चौधरी ने कहा कि संविधान और महिलाओं का विरोध करने वाले मंत्री शाह को बर्खास्त करना चाहिए। लाड़ली बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें वोट देकर महिलाओं ने मंत्री बनाया है। उनका अपमान कर रहे हैं। आने वाले समय में महिलाएं सत्ता की कुर्सी से ऐसे लोगों को उतारकर नीचे फेकेंगी। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सागर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग
इसी दौरान कांग्रेस ने सागर शहर समेत जिले में बढ़ रहे अपराधों को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सागर में चाकूबाजी, कट्टरबाजी हो रही है। लोग सुरक्षित नहीं हैं। खुलेआम अवैध शराब बिक रही है। जुआ-सट्टा चल रहा है। अवैध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए।


