भास्कर न्यूज | बलांगीर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन ओडिशा प्रदेश की बलांगीर शाखा के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जहां उन्हें निशुल्क सिलाई और ब्यूटी पार्लर की ट्रेनिंग दी जा रही है। वहीं 20 जून को उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बैंकिंग और सरकारी योजनाओं पर आधारित एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में उन महिलाओं को आमंत्रित किया गया जिन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे यह जान सकें कि कैसे सरकारी योजनाओं और बैंक की सहायता से अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकती हैं। सेमिनार की मुख्य विशेषताएं- सुभद्रा योजना, विश्वकर्मा योजना, सुकन्या योजना जैसे कई महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि बैंक से किस प्रकार लोन प्राप्त कर वे अपना व्यवसाय आरंभ कर सकती हैं। उन्हें अलग-अलग बैंक अकाउंट्स, निवेश के सुरक्षित तरीके और पैसों की सुरक्षा एवं वृद्धि से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। इस मौके पर आईडीबीआई बैंक के मैनेजर ने सरल भाषा में बैंकिंग से जुड़ी समस्त जानकारियां दीं और महिलाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। यह कार्यक्रम महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में न सिर्फ मार्गदर्शन मिला, बल्कि प्रेरणा भी मिली। सशक्त महिला – सशक्त समाज” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में यह आयोजन एक प्रेरणादायक कदम सिद्ध हुआ। इस मौके पर शाखा अध्यक्षा लक्ष्मी अग्रवाल, शाखा सचिव ज्योति अग्रवाल, शाखा कोषाध्यक्ष सुधा अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्षा बबीता अग्रवाल, प्रांतीय अंचल प्रमुख निरूपमा अग्रवाल, महिला सशक्तिकरण प्रमुख सविता अग्रवाल, सह प्रमुख दुर्गी अग्रवाल की उपस्थिति ने। इनके साथ समिति की अन्य सक्रिय सदस्याएं भी मौजूद थीं।


