महिला सुरक्षा और करियर के बेहतर अवसरों के मामले में देश के सर्वश्रेष्ठ 125 शहरों की सूची में इंदौर को 22वां स्थान मिला है। अवतार ग्रुप के ‘टॉप सिटीज फॉर वीमेन इन इंडिया-2025’ सर्वे में मध्य प्रदेश से 7 शहर शामिल हुए, जिनमें इंदौर सबसे आगे रहा। इंदौर की रैंकिंग में लगातार सुधार हुआ है। 2022 में 58वें, 2023 में 50वें, 2024 में 48वें और 2025 में 22वें स्थान पर पहुंचा है। मप्र से भोपाल 57वें, उज्जैन 59वें, जबलपुर 72वें, ग्वालियर 81वें, सागर 108वें और सतना 114वें स्थान पर रहे। सर्वे में रैंकिंग सोशल इन्क्लूजन और इंडस्ट्रियल इन्क्लूजन पैमानों पर तय की गई। सामाजिक भागीदारी में रहने योग्य माहौल, महिला सुरक्षा, रोजगार में भागीदारी और सशक्तीकरण को परखा गया, जबकि औद्योगिक भागीदारी में महिलाओं की हिस्सेदारी और सुविधाएं देखी गईं। औद्योगिक भागीदारी में इंदौर 14वें पर है, लेकिन सामाजिक भागीदारी में 50वें स्थान पर रहा, जिससे ओवरऑल रैंक प्रभावित हुई। दोनों स्कोर का औसत 21.66 अंक रहा। इंदौर उभरते शहरों की श्रेणी में शामिल है। सर्वे के अनुसार पुलिस और प्रशासन के महिला सुरक्षा अभियानों और कंपनियों के प्रयासों से शहर की रैंकिंग में बड़ा सुधार हुआ है।


