महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगा की सदा सुहागिन की कामना

भास्कर न्यूज| चाईबासा सदर बाजार स्थित काली मंदिर में शनिवार को मां विपदतारिणी की पूजा-अर्चना भक्तिभाव से की गई। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा के विपदतारिणी रूप के आगे मत्था टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर सदा सुहागिन बने रहने आशीर्वाद दिया। पुजारियों ने भी श्रद्धालु महिलाओं की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर हर विपदा से दूर रहने का आशीर्वाद दिया। पूजा का आयोजन सदर बाजार के श्री श्री काली मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा किया गया। मां की पूजा हर साल महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा और उनके रथ के पूर्ण यात्रा के बीच में पड़ने वाले शनिवार और मंगलवार के दिन की जाती है। इससे पूर्व महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर विपदतारिणी व्रत रखा। पूजा मुख्य पंडित दिव्येन्दु राय तथा सहयोगी परिमल गांगुली, अनूप मुखर्जी, नाडू गोपाल राय द्वारा पूरे विधि- विधान से संपन्न कराई गई । इस पूजा में तेरह किस्म की सामग्री और उस सामग्री को तेरह की गिनती से गिनकर मां का भोग लगाया जाता है। भोग में पूड़ी, पुआ, पान, सुपारी, लांग इलायची, मूंगदाल, फल, खीर, मिष्ठान, चेरी इत्यादि से भोग लगाया जाता है। इस पूजा में सुहागिन महिलाएं सारा दिन उपवास करती हैं। यह पूजा परिवार के मंगल के लिए और परिवार को आपदा से रक्षा के लिए की जाती है। मां विपतारिणी की पूजा- अर्चना करने के लिए काली मंदिर में शनिवार सुबह से ही महिलांए, पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। महिलाएं व्रत रखकर मां के दरबार में पहुंची पूजा- अर्चना की साथ ही मन्नतें भी मांगी। पूजा के उपरांत व्रतियों अन्य भक्तों के बीच में मां का प्रसाद वितरण किया गया। मां विपदतारिणी पूजा का सफल संचालन राय परिवार के सदस्यों की देख-रेख में संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *