महिला अफसरों के नेतृत्व में आईटी विभाग ने की कार्रवाई:रायपुर में ठेकेदारों के ठिकानों पर आयकर के छापे, सभी ओडिशा में कर रहे कारोबार

राजधानी रायपुर में आयकर विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। आईटी अफसरों ने निर्माण कंपनी और रेलवे ठेकेदारों समेत कई बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की गई है। इन छापों को ओडिशा और अन्य राज्यों में चल रही कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। विशेष बात यह है कि इन जांच टीमों में आयकर विभाग के स्थानीय अधिकारियों-कर्मचारियों को शामिल नहीं किया गया है। सभी टीमें देर शाम तक ठिकानों पर जमी रहीं। हालांकि अफसरों ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि छापे के दौरान ठिकानों से क्या मिला। टीमें अपने ओडिशा मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगी। सूत्रों के अनुसार जांच का नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही हैं। ओडिशा की टीम ने राजधानी के अमलीडीह में लॉ-विस्टा सोसायटी में कॉन्ट्रेक्टर जगदीप बंसल के बंगले को सबसे पहले घेरा। बताया गया कि बंसल ने छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा और हिमाचल में भी ठेके लिए हैं। चर्चा है कि बंसल परिवार लॉ-विस्टा में कुछ महीने पहले ही आकर बसा है। मूलत: बंसल परिवार ओडिशा का रहने वाला है। दूसरी जांच टीम ने अवंति विहार में संजय अग्रवाल और उनके भाई बजरंग अग्रवाल के रायगढ़ हंडी चौक स्थित घर और आफिस में छापा मारा है। इनकी कंस्ट्रक्शन फर्म का नाम आरएसए है। वे भी रेलवे के बड़े ठेकेदार हैं। इसी तरह से सिंचाई विभाग के ठेकेदार सुनील अग्रवाल के लाभांडी सिग्नेचर होम्स स्थित उनके बंगले घर और आफिस में भी जांच कर रही है। इनका भी ओडिशा में कंस्ट्रक्शन का कारोबार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *