भास्कर न्यूज | चंडीपारा जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत चंडीपारा में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ महिलाओं की एकजुटता ने प्रशासन को कड़ा कदम उठाने के लिए प्रेरित किया है। ग्राम पंचायत चंडीपारा की चंडी महिलाशक्ति संगठन ने ग्राम सरपंच के साथ मिलकर कच्ची शराब विक्रेताओं के खिलाफ पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय कुमार पांडेय को निमंत्रण पत्र सौंपा था। इस पहल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं चंडीपारा पहुंचने का निर्णय लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पांडेय ने मंच से कहा कि ग्राम चंडीपारा की महिलाओं का संगठन और उनकी एकता अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान की रक्षा और नशामुक्त समाज का निर्माण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नवनियुक्त थाना प्रभारी पामगढ़ सावन कुमार सारथी को निर्देश दिए कि चंडीपारा, पामगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष मुहिम चलाकर अवैध कच्ची शराब विक्रेताओं पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषियों को जेल भेजा जाए। साथ ही महिलाओं द्वारा फोन पर शिकायत मिलने पर त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चंडीपारा में 50 से अधिक महिलाओं को टोपी और सीटी प्रदान कर महिला चंडी कमांडो टीम का गठन किया गया। ये महिला कमांडो प्रतिदिन रात में गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर शराब पीने वालों को समझाइश दे रही हैं। उनके इस साहसी कदम से शराब पीने वालों में हड़कंप मचा हुआ है और गांव में शांति का माहौल बना है। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष व चिकित्सक डॉ. हेमंत कश्यप ने शराब से होने वाले शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। वहीं प्रदेशाध्यक्ष मिथिलेश बघेल ने कहा कि नशा परिवारों को आर्थिक रूप से कमजोर करता है, घरेलू हिंसा और अपराध को बढ़ावा देता है। उन्होंने महिलाओं से समाज सुधार के लिए आगे आने का आह्वान किया। चंडी महिला समिति प्रमुख पंचबाई डहरिया ने महिलाओं की ओर से पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि पीड़ित महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जो चंडीपारा में नशामुक्त समाज की मजबूत शुरुआत का प्रतीक बना।


