पंतोरा | ग्राम पंतोरा के मिडिल स्कूल में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें आसपास के गांवों से आए 50 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं को हेलमेट, रक्त मित्र कार्ड और लर्निंग लाइसेंस देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंतोरा के सरपंच लक्ष्मण कंवर, बक्सरा सरपंच कौशल लहरें और हेड्सपुर सरपंच प्रतिनिधि भूपदेव सिंह मौजूद रहे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ जीवनरक्षक कार्य भी करते हैं। शिविर में सतीश कुंभकार, संजय यादव, अजीत मिरि और एनएसएस के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग दिया। उनका योगदान शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण रहा। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद के साथ युवाओं और ग्रामीणों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। आयोजन ने साबित किया कि ग्रामीण और युवा मिलकर जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर सकते हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।


