महिला का गला रेता,पैर काटकर चांदी के कड़े ले गए:कुंड में फेंके दोनों पैर; गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

गंगापुर सिटी में बदमाशों ने महिला का गला काटकर हत्या कर दी। बदमाश महिला के पैरों को काटकर करीब डेढ़ किलो चांदी के कड़े भी ले गए। महिला के दोनों पैर पास में ही कुंड में फेंक गए। घटना बामनवास उपखंड के जाहिरा गांव में रविवार सुबह की है। महिला की हत्या से गुस्साए लोगों ने शव को बामनवास-गढ़मोरा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। बामनवास थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया- उर्मिला देवी (50) पत्नी मौसरिया मीणा रविवार सुबह 7 बजे जंगल में लकड़ियां लेने गई थीं। करीब 4 घंटे बाद सुबह 11 बजे तक भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य उन्हें खोजने के लिए निकले। ढूंढते-ढूंढते जब वे घर से 2 किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचे, तो उन्हें महिला का शव पड़ा मिला। महिला के गले पर गहरा घाव था। दोनों पैर गायब थे। पैरों में पहने हुए कड़े भी नहीं थे। कुंड में मिले महिला के पैर
थानाधिकारी ने बताया कि जहां शव मिला, उसके आस-पास महिला के भतीजे महेंद्र और परिजनों ने खोजबीन शुरू की। करीब 50 फीट की दूरी पर कुंड में महिला के दोनों पैर पड़े हुए मिले। महिला उर्मिला देवी के पति मौसरिया मीणा खेती-बाड़ी करते हैं। उनके दो बेटे और चार बेटी हैं। बड़ा बेटा अर्जुन सिंह बीए और आईटीआई कर चुका है। छोटा बेटा शिवराज जयपुर में SSC की तैयारी कर रहा है। बेटी प्रकाशी, सीता, गीता और मौसम की शादी हो चुकी है। सड़क को जाम कर धरने पर बैठे लोग
घटना का पता चलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बामनवास-गढ़मोरा मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया। नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण महिला के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार करने और महिला का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की भी मांग है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती है, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलकमल, गंगापुर सिटी पुलिस उपाधीक्षक संतराम, बामनवास पुलिस उपाधीक्षक सीताराम, बाटोदा और बामनवास थानाधिकारी, बामनवास उपखंड अधिकारी और तहसीलदार मौके ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *