खंडवा में महिलाओं की कब्र से छेड़छाड़ के बाद अब बुरहानपुर में भी शर्मनाक मामला सामने आया है। खकनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक साल पुराना वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक आरोपी स्ट्रेचर पर रखे महिला के शव से छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है। आरोपी शव को घसीटते हुए ले गया और कुछ देर बाद वापस लाकर फेंक दिया। यह पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज पर 4 अक्टूबर 2024 की तारीख दर्ज है। वीडियो में अस्पताल स्टाफ फुटेज देखता और आरोपी पर कार्रवाई की बात करता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि एक साल दो महीने बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अफसर अनजान बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि मामला दबा दिया गया था। इस पर सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा ने कहा— ” अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत होती है तो कार्रवाई करेंगे। यह संवेदनशील मामला है, कलेक्टर साहब के निर्देश पर कार्रवाई होगी।’ घटना तत्कालीन बीएमओ अनुराग सोनी के समय की घटना तत्कालीन बीएमओ अनुराग सोनी के कार्यकाल की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि फुटेज देखने के दौरान वे भी मौजूद थे। जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर उन्हें हटाया गया था, बाद में लौटकर फिर पद संभाल लिया। पूछने पर सोनी ने अनभिज्ञता जताई, वहीं सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र वर्मा भी मामले और सोनी की वर्तमान स्थिति से अनजान हैं।


