महिला ने भागते चोर को दरवाजे से खींचकर पटका:रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले किया, लगातार दूसरे दिन चोरी करने आया था बदमाश

शिवपुरी के कोलारस में नए साल की पूर्व संध्या पर महिलाओं की सतर्कता ने एक बड़ी चोरी की वारदात को होने से रोक दिया। वार्ड नंबर 8 स्थित रामेश्वर धाम के सामने रहने वाले एक परिवार ने न सिर्फ चोर को पकड़ा, बल्कि उसे रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले भी कर दिया। भागते चोर को एक महिला ने जिस बहादुरी से दबोचा, उसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। घटना 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे की है। राजू कुशवाह के घर में एक बदमाश बड़े दरवाजे पर चढ़कर आंगन में दाखिल हुआ। वह घर के एक कोने की ओर बढ़ ही रहा था कि पालतू कुत्ते की आहट से घर की एक महिला की नींद खुल गई। महिला जैसे ही बाहर आई, चोर ने भागने की कोशिश की और उसी ऊंचे दरवाजे पर चढ़ने लगा जिससे वह अंदर आया था। देखिए विजुअल महिला ने हिम्मत नहीं हारी, तत्काल पीछा किया
सीसीटीवी फुटेज में कैद तस्वीरों के अनुसार, चोर को भागता देख महिला ने हिम्मत नहीं हारी और तत्काल उसका पीछा किया। जैसे ही चोर दरवाजे के ऊपर पहुंचा, महिला ने उसे खींचकर नीचे पटक दिया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और मौके पर पहुंच गए। चोर ने खुद को छुड़ाने के लिए काफी संघर्ष किया, लेकिन परिवार के सदस्यों ने उसे काबू में कर लिया और रस्सी से बांध दिया। पुरानी चोरी का भी हुआ खुलासा
दरअसल, इस परिवार के घर से 30 दिसंबर की रात भी अज्ञात चोर ट्रैक्टर की बैटरी चुरा ले गए थे। राजू कुशवाह ने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पूरा परिवार अलर्ट मोड पर था। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में पुरानी चोरी और अपने अन्य साथियों के बारे में भी पुलिस को अहम सुराग दिए हैं। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पकड़ा गया बदमाश क्षेत्र के कबाड़ियों और अन्य चोरों के गिरोह के बारे में जानकारी दे रहा है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि क्षेत्र में हुई पिछली अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *