शिवगंज में एक महिला के खिलाफ पाकिस्तान मुर्दाबाद के बैनर हटाने का मामला सामने आया है। स्थानीय पार्षदों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 27 अप्रैल की है। युवा शक्ति संगठन ने शिवगंज के घोसी मोहल्ला ग्वाला चौक छावनी क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान मुर्दाबाद के बैनर लगाए थे। आरोप है कि रात करीब 9 बजे घोसी मोहल्ले की रहने वाली अनीशा बानो ने इन बैनरों को हटा दिया। शिवगंज छावनी के पार्षद राजेश अहीर सहित अन्य पार्षदों ने पुलिस को घटना के सीसीटीवी फुटेज सौंपे हैं। उन्होंने महिला के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि अनीशा बानो पहले से घोसी मोहल्ले में अतिक्रमण कर रही है। न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रशासन ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। रिपोर्ट पर पार्षद हिरल कुमारी, प्रीतम अहीर, हिमांशु अहीर, वीरू कुमार, चंदू शर्मा, खुशाल अहीर, भरत प्रजापत, प्रमोद शेरा, देव अहीर, कपिल सुरेंद्र और अन्य लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। शिवगंज थाना अधिकारी बाबूलाल राणा ने बताया कि सूचना मिलने पर वे महिला के घर गए, लेकिन वहां से कोई झंडा बरामद नहीं हुआ। मामले की जांच जारी है।


