भास्कर न्यूज |सिमडेगा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी सिमडेगा और जिला खेलकूद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 20वीं मेजर ध्यानचंद सिमडेगा जिला स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला सीओई रोज बनाम सीओई ईस्ट विन के बीच खेला गया। जिसमें सीओई रोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4–0 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में सीओई सिमडेगा ने लिटिल टाइगर को 3–1 से पराजित कर खिताब जीता। महिला वर्ग में मिनी शक्ति नारी टीम ने लोबोई को 4–0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में एसटीसी सिमडेगा ने संत अन्ना स्कूल बी सामटोली को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी सपरिवार उपस्थित रहीं और विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल का स्तर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं जैसा रहा। सिमडेगा के खिलाड़ी हर पोजिशन में प्रतिभाशाली हैं। पुरुष वर्ग के फाइनल मैच की शुरुआत सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा,झारखंड खेल निदेशक शेखर जामुवार और मेजर ध्यानचंद पुरस्कार प्राप्त पूर्व कप्तान सुमराय टेटे द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर कराई गई। प्रतियोगिता के प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार रीना कुल्लू,विनीत टोप्पो, अर्पण बड़ा,शिफा,इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार इभा अंजली डुंगडुंग को दिया गया। इस बड़े आयोजन को सफल बनाने में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजकों में पंखरासियुस टोप्पो,कमलेश्वर मांझी, बसंत बा, राहुल मिंज, करिश्मा परवार, कोच सुधीर गोला, तारिणी कुमारी सहित दर्जनों सहयोगी सक्रिय रहे। सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने भी प्रतियोगिता के दौरान पूरी तत्परता से सहयोग प्रदान किया।


