भिलाई|छत्तीसगढ़ मानवाधिकार फाउंडेशन ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप भवन में महिला सशक्तिकरण व सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, पुलिस अफसरों, समाजसेवियों की मौजूदगी में परिचर्चा रखी गई। परिचर्चा में जहां नए कानूनों के अनुसार मानवाधिकारों को सशक्त बनाने का जिक्र किया गया, वहीं महिलाओं को अधिकारों का हनन होने पर थाने में फौरन रिपोर्ट दर्ज करने की सलाह दी गई। इस दौरान मानवाधिकारों का अलख जगाने वाले प्रमुख व्यक्तियों के साथ-साथ 25 से ज्यादा महिलाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था के प्रदेशाध्यक्ष लव कुमार रामटेके, टीआई दुर्ग मोनिका पांडे, वरिष्ठ साहित्यकार रवि श्रीवास्तव, स्वरूपानंद कॉलेज की प्राचार्य हंसा शुक्ला, शिक्षाविद डीएन शर्मा, आंध्र साहित्य समिति से सचिव पीएस राव, उपाध्यक्ष बीए नायडु, तेलुगु सेना के प्रदेशाध्यक्ष नीलम चन्ना केशवलु, आंध्र महिला मंडली की अध्यक्ष पेरी पद्मा आदि ने विचार रखे।


