महिला सुरक्षा गार्ड की गला घोंटकर की थी हत्या:इंदौर में दो संदिग्ध CCTV में कैद; घर में मिला शव, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग में शुक्रवार सुबह एक महिला सुरक्षा गार्ड गायत्री कुर्मी का शव उसके घर में मिला। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। वह सुबह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थी, तभी वारदात को अंजाम दिया गया। महिला के हाथ और पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। जब गायत्री ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो उसके सुपरवाइजर ने घर जाकर देखा, जहां घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में लूट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्या में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच में वारदात के समय महिला के घर से कुछ दूरी पर लगे कैमरों में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। ये संदिग्ध घटना से करीब 20–25 मिनट पहले भी इलाके में घूमते नजर आए और महिला के घर की दिशा में आते-जाते दिखाई दिए। पुलिस की टीमें आगे के कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्धों की पहचान उनके हुलिए के आधार पर की जा रही है। फुटेज मृतका के परिजनों को भी दिखाए गए हैं, लेकिन वे अभी तक दोनों की पहचान नहीं कर पाए हैं। प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी पुलिस के अनुसार, गायत्री अपने पति सुनील से काफी समय से अलग रह रही थी। वह जिस मकान में रहती थी, वह उसके पिता के नाम पर है। पति सुनील की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके साथ ही गायत्री के साथ काम करने वाली अन्य महिला गार्डों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन लोगों के संपर्क में थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *