महिला से ठगी सोने की चेन, तंत्र-मंत्र का डर दिखाया:सतना में दो जालसाजों ने सुई चुभाकर किया भ्रमित, सीसीटीवी वीडियो

सतना और मैहर जिलों में तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिलाओं से सोने के गहने ठगने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। हाल ही में कोलगवां थाना क्षेत्र में एक महिला को निशाना बनाया गया, जहां जालसाजों ने भौतिक बाधा का डर दिखाकर उसकी सोने की चेन ठग ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर को कोलगवां थाना क्षेत्र में हुई। सोहास, थाना कोटर निवासी 45 वर्षीय सत्यवती शर्मा अपने मायके जाने के लिए बस से सतना पहुंची थीं। पुराने राजपरिवहन डिपो के पास सत्यवती शर्मा को 25-30 वर्ष के दो युवक मिले। एक युवक ने बगल से गुजरते हुए उनकी कमर में सुई जैसी कोई चीज चुभा दी, जिससे वे भ्रमित हो गईं। इसी दौरान दूसरे युवक ने परिवार में ‘भौतिक बाधा’ का डर दिखाकर उन्हें बातों में फंसा लिया और तंत्र-मंत्र से समस्या का समाधान करने का झांसा दिया। जालसाजों ने महिला से गले में पहनी दो तोला सोने की चेन उतरवाकर एक रूमाल में रखवाई। इसके बाद उन्होंने रूमाल अपने हाथ में लिया और सत्यवती को 10 कदम पीछे चलकर माता का जयकारा लगाने को कहा। जैसे ही महिला उनकी बात मानकर उलटी दिशा में चलीं, दोनों बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए। तब सत्यवती शर्मा को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। पीड़ित महिला ने शुक्रवार को कोलगवां थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में दो बदमाश महिला के पास घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *