मॉडल टाउन में रहने वाले आर्टिफिशियल ज्वेलरी के कारोबारी रामानंद वर्मा पत्नी प्रिया वर्मा के साथ विजय नगर स्थित एक बैंक पहुंचे थे। वहां से उन्होंने 17.10 लख रुपए नकद निकाले। इसके बाद घर से लाए गए 2 लाख रुपए भी उसी बैग में डाल लिए। कुल 19.10 लाख रुपए लेकर दंपती अर्बन स्टेट फेज-2 में किसी व्यक्ति को पैसे देने जा रहे थे। अर्बन स्टेट फेज-2 में रामानंद वर्मा कार पार्क करने लगे तो उनकी पत्नी कार से उतरकर बाहर खड़ी हो गईं। उनके हाथ में पैसों से भरा बैग था। तभी बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक युवक ने महिला के हाथ से बैग छीना और दोनों बाइक पर फरार हो गए। रामानंद वर्मा ने तुरंत कार बैक करके लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। इसके बाद थाना-7 की पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ितों के मुताबिक बैंक में गहने जमा करवाकर 17.10 लाख रुपए लिए थे और ये पैसे किसी को देने थे। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि उम्मीद है कि लुटेरे सीसीटीवी फुटेज में जरूर दिखेंगे।


