भास्कर न्यूज | चैनपुर चैनपुर के नरसिंहपुर पथरा में मुखिया मीना देवी के आवास पर शुक्रवार को चैनपुर मुखिया संघ की बैठक हुई। इसमें कई पंचायत के मुखिया व मुखिया प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सभी मुखिया ने कहा कि पंचायत में आवास लाभुक चयन में उनकी उपेक्षा की जा रही है। कई पंचायतों में प्राथमिकता सूची के बाहर के लोगों को भी आवास दिया जा रहा है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया गया। बैठक में राज्य सरकार की ओर से वित्त आयोग की राशि उपलब्ध नहीं कराए जाने को पंचायती राज व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। इसके अलावा कोष सशक्तिकरण व सांगठनिक बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में मुखिया संघ की जिला उपाध्यक्ष रानी सिंह मौजूद थीं। अध्यक्षता चैनपुर अध्यक्ष अरविंद तिवारी व संचालन सचिव नीतीश कुमार सिंह ने किया। बैठक में नरसिंहपुर पथरा पंचायत की मुखिया मीणादेवी, बंदुआ पंचायत के मुखिया दीनानाथ माझी, बांसडीह के लाल बहादुर भुइयां, बरावं की अनीता देवी समेत साधु चौधरी,दिलीप पासवान, अजमल अंसारी, महेश चौधरी, दिनेश कुमार, विजय कुमार, शंकर गुप्ता, विवेक कुमार सिंह, व्यास राम चौरसिया आदि उपस्थित थे। महुआडांड़ | आम पब्लिक संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को त्रुटिपूर्ण हाल सर्वे खतियान के विरोध में रैली एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में कांग्रेस नेता अजितपाल कुजूर ने बताया कि हाल सर्वे खतियान प्रक्रिया में व्यापक गड़बड़ियां सामने आई हैं। जिसके खिलाफ जनआक्रोश को व्यक्त करने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है।रैली का शुभारंभ शहीद चौक से होगा, जहां से प्रदर्शनकारी शास्त्री चौक और बिरसा चौक होते हुए अनुमंडल कार्यालय तक पहुंचेंगे। अनुमंडल कार्यालय पहुंचने के बाद रैली सभा में परिवर्तित हो जाएगी। जहां आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष ज्ञापन सौंपेंगे।


