भास्कर न्यूज | लुधियाना रेल कमिर्यों की लंबित मांगों को पूरा न करने पर विरोध कर रही नार्दन रेलवे मेन्स यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वह 9 मार्च को जम्मू में दौरे पर आ रहे रेलवे बोर्ड के चेयरमैन व उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का घेरा करेंगे। शुक्रवार को 5वें दिन के प्रदर्शन में यूनियन की तरफ से यह घोषणा की गई। शुक्रवार को यूनियन ने एडीईन ऑफिस के बाहर यह प्रदर्शन किया और एडीईन के खिलाफ भी नारेबाजी की। इस मौके पर यूनियन नेता पलविंदर सिंह गरचा, राजेश बग्गा,अजय कुमार, प्रदीप कुमार ने साथी मुलाजिमों को संबोधित करते हुए कहा कि फिरोजपुर मंडल के डीआरएम व सीनियर डीपीओ कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है। डीआरएम ऑफिस मे हुई बैठक में 7 दिन के भीतर सभी मांगे पूरी करने की बात की गई थी। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कुछ नहीं किया। यूनियन नेताओं ने कहा कि इन अधिकारियों का हिटलर बाजी वाला रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब यूनियन नई नीति के तहत प्रदर्शन करेगी। जिसके तहत अगर जल्द उनकी मांगे नहीं मानी गई तो 9 मार्च को जम्मू दौरे पर आ रहे चेयरमैन रेलवे बोर्ड व उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का घेराव किया जाएगा। अगर, फिर भी मांगे नहीं मानी जाती को अगली रूपरेखा तैयार कर बड़े संघर्ष की तैयारी की जाएगी। इन नेताओं ने कहा कि एडीईएन, लुधियाना द्वारा भी ऐसा ही रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एडीईएन, लुधियाना ने गैंगमैन साथियों को नाजायज चार्जशीट देकर गलत काम किया है। उनका कहना है कि प्रमोशन के नाम पर कर्मियों पर प्रेशर बनाया जा रहा है और उन्हें गलत काम करने पर मजबूर किया जा रहा हे। जिसे हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन नेताओं ने कहा कि रेल कमिर्यों के क्वार्टरों की हालत बहुत खराब है। उन्हें भी दुरूस्त नहीं करवाया जा रहा। जिस कारण रेल कर्मी व उनके परिवार इस खराब हालत में रहने के लिए मजबूर हैं। मौके पर पूर्व सैक्रेटरी अशोक कुमार, योगेश राणा, गुरप्रीत सिंह के अलावा यूनियन की महिला विंग, यूथ विंग के अलावा बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य मौजूद थे।


