भास्कर न्यूज| महासमुंद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। मंगलवार को कर्मचारियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएम के नाम खून से चिट्ठी लिखी और दंडवत प्रणाम किया। आंदोलन के 16 वें दिन मंगलवार को कर्मचारियों ने सिर्फ खून से चिट्ठी लिखी बल्कि अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए पीपी किट पहनकर कोरोना योद्धा की शक्ल में दंडवत प्रणाम किया और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना है, कोविड जैसी महामारी के दौर में हमने अपने घर परिवार को छोड़कर जनता की सेवा की है, अब सरकार की बारी है कि ग्रेड पे और नियमितीकरण देकर मोदी की गारंटी पूरी करें। चिट्ठी लिखने 12 कर्मियों का 12 ईडीटी वायल ब्लड लिया और खून के इसी सैंपल्स से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम 20 पन्ने का पत्र लिखा। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने नियमितिकरण ग्रेड पे जैसी मांगों के प्रति उदासीनता व प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में कोरोना योद्धा की तरह पीपी कीट पहनकर लोहिया चौक बरोंडा चौक से रैली निकाली। रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंचने से 200 मीटर पहले प्रदर्शनकारी दंडवत हुए और इसी मुद्रा में कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां डिप्टी कलेक्टर तेजपाल सिंह ध्रुव को खून से लिखा पत्र सौंपा। जिला अध्यक्ष रामगोपाल खूंटे ने बताया कि सरकार हमारे सब्र का इम्तिहान मत ले अगर सरकार का इस तरह से रवैया रहा तो कर्मचारी और उग्र होकर अपना विरोध और प्रदर्शन करेंगे जिसके लिए सरकार स्वयं जिम्मेदार होगा। बुधवार को शाम 5 बजे संविदा के अंत का मशाल प्रज्वलित कर लोहिया चौक से बरौंदा चौक तक मशाल रैली निकालेंगे।


