मांगों को लेकर रविवार को रांची में आयोजित बैठक में जुटेंगे सहायक अध्यापक

एनाम खान | गढ़वा झारखंड अधिविद्य परिषद रांची द्वारा आयोजित आकलन परीक्षा पास करने के बावजूद सरकारी विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापकों को प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हो पाया है। जिसके कारण सहायक अध्यापकों में रोष देखा जा रहा है। प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार को आकलन पास सहायक अध्यापक रांची में बैठक करेंगे। बैठक में रणनीति तय करने के बाद इसके विरुद्ध आंदोलन करने को लेकर रूप रेखा तैयार की जाएगी। इस संबंध में बताया गया कि झारखंड अधिविद्य परिषद रांची द्वारा सहायक अध्यापकों का प्रथम आकलन परीक्षा 30 जुलाई 2023 को आयोजित की गई थी। जिसमें उत्तीर्ण होने वाले गढ़वा जिला के 980 सहायक अध्यापकों को अभी तक झारखंड अधिविद्य परिषद रांची के द्वारा प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हो पाया है। इस लापरवाही के कारण सहायक अध्यापकों में गहरी नाराजगी है। इस संबंध में सहायक अध्यापकों ने कहा है कि परीक्षा सफलतापूर्वक पास करने के बावजूद उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराया जाना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि दो साल का लंबा समय गुजर जाने के बाद भी सर्टिफिकेट नहीं दिया जाना उनकी मेहनत और भविष्य दोनों के साथ खिलवाड़ जैसा प्रतीत हो रहा है। टेट पास सहायक अध्यापक 1011, प्रथम आकलन परीक्षा पास सहायक अध्यापक 980, प्रशिक्षित सहायक अध्यापक 1115, अप्रशिक्षित सहायक अध्यापक 36, टोटल सहायक अध्यापक 3142 शामिल हैं। द्वितीय आकलन परीक्षा में पास हुए सहायक अध्यापकों का आंकड़ा फिलहाल नहीं जोड़ा गया है: द्वितीय आकलन परीक्षा में पास हुए सहायक अध्यापकों का आंकड़ा फिलहाल नहीं जोड़ा गया है। इस संबंध में बताया गया कि द्वितीय आकलन परीक्षा पांच जनवरी 2025 को आयोजित की गई थी। जिसका परीक्षाफल कुछ दिन पहले जारी हुआ है। ऐसे में जिले के सभी प्रखंडों से आंकड़ा उपलब्ध होने के बाद इस परीक्षा में पास हुए सहायक अध्यापकों का आंकड़ा जोड़ा जाएगा। सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के वीरेंद्र यादव ने कहा कि जैक द्वारा प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने, आकलन पास सहायक अध्यापकों को टेट पास सहायक अध्यापकों के समतुल्य मानदेय देने, टेट पास परीक्षा में सभी सहायक अध्यापकों के कार्यानुभव एवं आकलन परीक्षा के आधार पर पासिंग मार्क्स में 20 नंबर की छूट एवं ओवरऑल पासिंग मार्क्स सहायक अध्यापकों के लिए 40 प्रतिशत रखा जाए आदि मांगों को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें उक्त बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्त बैठक में गढ़वा जिला के अधिक से अधिक संख्या में आकलन पास सहायक अध्यापक भाग लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *