भास्कर न्यूज | अंबिकापुर छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक व कर्मचारी संघ ने इलाके के अनुविभागीय अधिकारी को सीएम के नाम ज्ञापन देकर अपनी दो सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने को लेकर ज्ञापन सौंपा है। कर्मियों ने बताया कि पूर्व शिक्षामंत्री के सदन में उद्घोषणा अनुसार कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति को भंग और शिक्षा विभाग में संविलियन की कार्रवाई को पूर्णता प्रदान करने की बात कही थी, जिसे जल्द पूरा किया जाए। साथ ही कर्मियों ने दिन प्रतिदिन बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए पिछले 4 वर्ष से एकमुश्त वेतन पर कार्यरत सेजेसस कर्मचारियों के वेतन वृद्धि की मांग को प्राथमिकता से पूरा करने की भी मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी अंग्रेजी माध्यम योजना के 751 विद्यालय वर्तमान में संचालित है, 5 लाख से अधिक छात्र-छात्रा अध्ययनरत हैं, जिसमें हजार से अधिक की संख्या में संविदा कर्मचारी के रूप में शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी कार्यरत हैं, लेकिन पिछले चार सालों से उनकी सैलरी नहीं बढ़ी, जिससे वे आर्थिक रूप से कमजोर हो गए हैं। अगर उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हुई तो आत्मानंद में काम करने वाले कर्मी मानसिक रुप से परेशान होंगे और बच्चों पर ठीक तरीके से ध्यान नहीं दे पाएंगे।। ज्ञापन देने के दौरान बड़ी संख्या में संघ के सदस्य मौजूद रहे।


