झांसी में एक ही रस्सी से फंदा लगाकर गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड ने जान दे दी। शुक्रवार रात दोनों पशु के बाड़े में मिले। लड़के ने लड़की की मांग में सिंदूर भरा। लड़की को बिछिया पहनाई। शनिवार सुबह दोनों के शव पेड़ पर लटके मिले। दोनों बचपन के दोस्त थे। उनके बीच करीब 2 साल से अफेयर था। धर्म अलग-अलग होने की वजह से दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। परिजनों ने लड़की का रिश्ता तय कर दिया था। शुक्रवार को डेट भी फाइनल कर दी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला चिरगांव थाना क्षेत्र के पट्टी कुम्हर्रा गांव का है। अब पढ़िए पूरा मामला… मृतकों की पहचान रियाजुल खान (23) पुत्र राज मोहम्मद और मुस्कान पाल (18) के रूप में हुई है। दोनों चिरगांव के पट्टी कुम्हर्रा गांव के रहने वाले हैं। मुस्कान 8वीं कक्षा तक पढ़ी थी, जबकि रियाजुल बीए फस्ट ईयर के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था। मुस्कान 3 बहनों में सबसे बड़ी थी। सबसे छोटा एक भाई है। पिता खेती किसानी करते हैं। जबकि रियाजुल दो भाइयों में छोटा था। वो अपना डीजे का काम संभालता था। पुलिस ने बताया- दोनों पड़ोसी थे। बचपन में एक स्कूल में पढ़ते थे। ये दोस्ती करीब 2 साल पहले प्यार में बदल गई थी। धर्म अलग-अलग होने की वजह से दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। इधर, मुस्कान के घरवालों ने उसका रिश्ता टहरौली के परस गांव में तय कर दिया था। करीब 8 महीने पहले सगाई हो चुकी थी। शुक्रवार को शादी की डेट 30 अप्रैल 2026 फाइनल की गई थी। इससे दोनों परेशान थे। मुस्कान के घर के पास ही रियाजुल का गैराज है। रात को वो इसी गैराज में सोने के लिए आता था। गैराज के पास राधे केवट का बाड़ा बना है। शुक्रवार रात को रियाजुल और मुस्कान राधे के बाड़े में मिले। इसके बाद दोनों ने पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाया और उस पर लटक गए। परिजनों को अफेयर की जानकारी नहीं थी
मुस्कान के फूफा सुनील पाल ने बताया- मुस्कान मेरे साले की बेटी थी। रियाजुल पड़ोस में रहता था। शनिवार सुबह 3 बजे मुस्कान की छोटी बहन की नींद खुली। उसने देखा कि मुस्कान बिस्तर पर नहीं थी। उसने पूरे घर में ढूंढ़ा, लेकिन वो नहीं मिली। तलाश करने पर राधे केवट के बाड़े में नीम के पेड़ के नीचे चप्पल-जूते रखे थे। पेड़ पर टॉर्च जलाकर देखा तो दोनों पेड़ पर एक रस्सी से लटके हुए थे। दोनों के रिश्ते के बारे में घरवालों को जानकारी नहीं थी। मुस्कान की 8 महीने पहले सगाई हुई थी। इस साल अप्रैल में शादी होनी थी। हम लोग शादी की तैयारी कर रहे थे। मुस्कान के पिता ने लड़के के घरवालों को सूचना दी
मुस्कान के बड़े पापा ने रियाजुल के भाई को फोन लगाया और जानकारी दी। वो लोग भी मौके पर पहुंचे। पूरे गांव वाले इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फंदे से शव को नीचे उतारा तो मुस्कान की मांग सिंदूर से भरी हुई थी। उसने पैर में बिछिया भी पहन रखी थी। माना जा रहा है कि दोनों ने मरने से पहले शादी की रस्में अदा की। इसके बाद सुसाइड किया। रियाजुल गैराज में सोता था
बड़े भाई कादिर ने कहा- मेरा भाई रियाजुल 4 साल से डीजे का काम कर रहा था। डीजे गैराज में खड़ा होता था, इसलिए वो वहीं सोता था। शुक्रवार को क्रिकेट मैच खेलने के लिए पंडोखर गांव गया था। वहां से लौटने के बाद रात को गांव में एक तेरहवीं में गया। रात करीब 9.30 बजे वह घर लौटा। फिर बाइक उठाकर गैराज में चला गया। सुबह 4 बजे मुस्कान के बड़े पापा ने फोन किया तो घटना का पता चला। हम लोगों को पहले से इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी। सुसाइड के बाद लग रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, जिसकी वजह से दोनों ने सुसाइड किया। चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया- मुस्कान और रियाजुल के बीच प्रेम संबंध थे। एक दिन पहले युवती की शादी तय हुई थी। इसके बाद दोनों ने सुसाइड कर लिया। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। ———————— ये खबर भी पढ़िए- एनकाउंटर करने वाली महिला दरोगा घूस लेते अरेस्ट:गाजियाबाद में दुपट्टे से चेहरा ढंका, धक्का देकर गाड़ी में बैठाया, सस्पेंड गाजियाबाद में एक महिला दरोगा को 45 हजार रुपए घूस लेते पकड़ा गया। महिला दरोगा भुवनेश्वरी 23 सितंबर, 2025 को एक बदमाश का एनकाउंटर करके चर्चा में आई थी। जांच के दौरान उसके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद हुई। मंगलवार देर शाम उसे सस्पेंड कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…


