मांजा स्कूल में समाचार पत्र बने पढ़ाई का माध्यम

रामानुजनगर | विकासखण्ड रामानुजनगर के माध्यमिक शाला मांजा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से पुस्तकीय शिक्षा के साथ-साथ समाचार पत्रों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इस अभिनव पहल से बच्चे न केवल अपने पाठ्यक्रम से जुड़े रह रहे हैं, बल्कि देश-दुनिया की ताजा घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक विषयों की जानकारी भी नियमित रूप से प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय में यह गतिविधि शिक्षिका चांदनी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। वे विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं और प्रमुख समाचारों पर चर्चा कराती हैं। इससे बच्चों में पढ़ने-समझने की रुचि बढ़ रही है और उनकी भाषा दक्षता, सामान्य ज्ञान व तार्किक सोच का विकास हो रहा है। विद्यालय के प्रधानपाठक सरजू नाथ पैकरा के सहयोग से इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाचार पत्र अध्ययन से बच्चों में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक समझ मजबूत होती है। इस गतिविधि के दौरान विद्यार्थी समूह में बैठकर समाचार पत्र पढ़ते हैं, चित्रों और समाचारों पर चर्चा करते हैं। और रोचक खबरों को कक्षा में प्रस्तुत भी करते हैं, जिससे उनके प्रस्तुति कौशल में वृद्धि हो रही है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह प्रयास बच्चों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक जीवन के लिए भी तैयार कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *