भोपाल स्थित मां आशापुरा दरबार के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र शिविर का शुभारंभ 15 दिसंबर(रविवार) को सुबह 10.30 बजे आदर्श सिंधु समाज भवन कोहेफिजा में किया जाएगा। यह शिविर दो दिन 15 और 16 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें 2000 मरीजों की जांच की जाएगी और 400 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाएंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी, जिनमें 1008 महंत रामप्रवेश दास महाराज, सांसद आलोक शर्मा,मेयर मालती राय, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मनोज राठौर, पार्षद प्रियंका मिश्रा शामिल हैं। गीता माताजी का संदेश शिविर की संस्थापिका गीता माताजी ने बताया कि इस साल शिविर का उद्देश्य 400 ऑपरेशन करना और मोतियाबिंद से ग्रस्त मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराना है। ऑपरेशन के बाद मरीजों को 2 दिन के लिए चिरायु अस्पताल में रखकर ड्रेसिंग और दवाइयां दी जाएंगी और पांच दिन तक सभी आवश्यक सेवाएं जैसे भोजन, दवाइयां और रहन-सहन की व्यवस्था भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी। गीता माताजी ने अपील करते हुए कहा, “यदि आपकी जानकारी में कोई ऐसा व्यक्ति है जो आर्थिक कारणों से मोतियाबिंद का ऑपरेशन नहीं करवा पा रहा है, तो कृपया उन्हें हमारे शिविर में भेजें। हम उनका निःशुल्क ऑपरेशन करेंगे और उनका इलाज करेंगे।” प्रसिद्ध डॉक्टरों की देखरेख में ऑपरेशन शिविर में ऑपरेशन डॉ. एम के अजवानी और डॉ. मधु चंचलानी द्वारा किए जाएंगे। इस कार्य के लिए मां आशापुरा दरबार की टीम पूरी तरह से समर्पित है।


