भास्कर न्यूज | डौंडी मंगलवार को नगर साहू समाज डौंडी के तत्वाधान में भक्त माता कर्मा की जयंती और पारिवारिक मिलन समारोह मनाया गया। कार्यक्रम तहसील साहू समाज भवन में हुआ। समाज के महिला-पुरुषों ने माता कर्मा के छायाचित्र पर पुष्प और गुलाल अर्पित किए। इसके बाद महाआरती हुई। नगर अध्यक्ष लेखराम साहू ने बताया कि इस वर्ष भक्त माता कर्मा की 1009वीं जयंती मनाई जा रही है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक अवसर है। माता कर्मा सिर्फ साहू समाज की नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज की आराध्य देवी हैं। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। वे भगवान कृष्ण की अनन्य भक्त थीं। ईमानदारी और धर्म के मार्ग पर चलकर उन्होंने समाज को दिशा दिखाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संगठित समाज ही आगे बढ़ सकता है। इसलिए सभी को एकजुट रहकर समाज के विकास के लिए कार्य करना होगा। लोगों को एक-दूसरे को जानने का अवसर मिला: लेखराम ने कहा िक सभी को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। पारिवारिक परिचय सम्मेलन भी हुआ। नगर के लोगों ने अपने और अपने परिवार का परिचय दिया। इससे समाज के लोगों को एक-दूसरे को जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम में भुनीराम साहू, तेजराम साहू, एमएल सार्वा, भीषम साहू, भोज कुमार, नंदकुमार साहू, पर्वत बाई साहू, राजकुमारी साहू, शशि किरण साहू, निशी सार्वा, मिथलेश साहू, यशोदा साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


