मम्मी पानी भर रही थीं। पापा आए और बाल पकड़कर अंदर खींच ले गए। मम्मी की गर्दन पर पैर रखकर कैंची से उनकी नाक काट दी। पापा बहुत गुस्से में थे, मैं वहीं खड़ी थी, वो बार-बार सिर पकड़कर लात मार रहे थे। पीड़िता की पांच साल की बेटी अनुष्का ने दैनिक भास्कर को यह बात बताई, वह चश्मदीद है। वारदात शनिवार को महाराजपुरा में घरेलू झगड़े के दौरान हुई। पीड़ित महिला पूनम को उसकी जेठानी ने जेएएच के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उसकी इलाज चल रहा है।
धर्मेंद्र के घर पहुंचते ही छिप जाती है मासूम
मां पर हमले की चश्मदीद अनुष्का ने बताया कि ये एक दिन की नहीं बल्कि आए दिन की कहानी है। पापा शराब के नशे में धुत्त होकर घर आते हैं और मम्मी के साथ बिना किसी वजह के मारपीट करते हैं। पिता की क्रूरता और क्रोध ने इस मासूम को इतना भयभीत कर दिया है कि उसके घर आते ही वह घर में कहीं छिप जाती है। ताकि उसकी मां की तरह वो भी अपने पिता के गुस्से की शिकार न बन जाए। ऐसे सुनाती गई कहानी
अनुष्का ने दैनिक भास्कर को दिल छू लेने वाली बातें बड़ी ही मासूमियत के साथ बताई हैं। अनुष्का ने बताया कि वह पहली कक्षा में पढ़ती है। उसके घर में अम्मा, पापा, दीदी, मम्मी और हम रहते हैं। अम्मा अपनी बेटी के यहां पर थीं। दीदी नानी के यहां पर थीं। यहां पर (अस्पताल) मम्मी को ताई लेकर आई हैं। उनका पास में घर बना है और कोई साथ में नहीं आया था।
मुझे कोई प्यार नहीं करता…
जब उससे पूछा कि पापा आप से प्यार करते हैं तो मासूमियत के साथ गर्दन ना में हिलाकर जबाव दिया, नहीं करते..। कई बार रोको तो रुकते भी नहीं हैं। दारू के लिए बोलो तो पहले नहीं पियूंगा कहते हैं फिर पीने लगते हैं। दादी भी मुझे प्यार नहीं करती.. दीदी को करती हैं। मम्मी प्यार करती हैं। जब भी पापा दारू पीते हैं तो मम्मी को मारते हैं। ऐसे समझिए पूरी घटना
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के भारत मार्केट के पास पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद में पति धर्मेंद्र तोमर ने नशे की हालत में अपनी पत्नी पूनम की पास ही पड़ी कैंची से नाक काट दी और उसे घायल अवस्था में तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया। अपनी मां को दर्द से कराहता देख पांच साल की मासूम दौड़कर पास ही रहने वाली अपनी ताई को बुलाकर लाई। जो पूनम को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। इस बात की सूचना जब पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पूनम की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। ये खबर भी पढ़िए… ग्वालियर में पति ने कैंची से काटी पत्नी की नाक ग्वालियर में घरेलू विवाद में पति ने अपनी पत्नी की कैंची से नाक काट दी। आरोपी पति वारदात के बाद उसे लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना शनिवार दोपहर की है। घायल पत्नी को उसकी जेठानी अस्पताल लेकर गईं, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर महिला के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…


