सीधी में मेडिकल स्टोर में लगी आग:मेडिकल संचालक को लाखों का नुकसान; फायर बिग्रेड पहुंचने तक दुकान जलकर राख

सीधी जिला अस्पताल के सामने स्थित राजपूत मेडिकल एजेंसी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात आग लग गई। घटना देर रात करीब 2 बजे हुई। सुबह लगभग 5 बजे स्थानीय लोगों ने धुआं उठते देखा, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर टीम सुबह करीब 6 बजे मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरा मेडिकल स्टोर जलकर राख हो चुका था। आग लगने से मेडिकल स्टोर में रखी दवाइयां, उपकरण, नकदी और अन्य सभी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुकान के संचालक विजय सिंह ने बताया कि उन्होंने रात 12 बजे नियमित रूप से दुकान बंद की थी। उन्हें रात करीब 3 से 4 बजे के बीच फोन पर आग लगने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी अज्ञात है। पुलिस टीम ने मौके की जांच शुरू की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि यह देर रात की घटना है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने मौके की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए सुबह पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने आग लगने के संभावित कारणों में शॉर्ट सर्किट, किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की खराबी या रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। दुकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील दवाइयां और केमिकल होने के कारण आग तेजी से फैली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *