मां से कहा था- गंगा नहाकर इंटरव्यू देने जाऊंगा:खाई में बोलेरो गिरने से चार दोस्तों की गई थी जान; एक पिता बनने वाला था

18 फरवरी को भतीजे रमाकांत का एनसीएल में इंटरव्यू होना था। वह कहकर गया था कि आज गंगा नहाने जा रहा हूं। प्रयागराज से लौटकर इंटरव्यू देने जाऊंगा। इससे पहले ही हादसा हो गया। उसका और हमारा सपना अधूरा रह गया। नौकरी के बाद हम उसकी शादी करना चाह रहे थे। लड़की भी देख रहे थे। सब धरा रह गया। ये कहना है विश्वनाथ साहू का, जिसके भतीजे रमाकांत की सीधी जिले में खाई में बोलेरो गिरने से मौत हो गई। उसके साथ तीन दोस्त संदीप उर्फ सोनू साहू (28), प्रमोद यादव (23) और सुजीत यादव (27) की भी जान गई है। चार लोग गंभीर हालत में सिंगरौली के बैढ़न के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मूड़ा पहाड़ पर हुआ। मरने वाले सभी लोग सिंगरौली में जयंत के रहने वाले थे। सभी लोग बचपन के दोस्त थे। हादसे में जान गंवाने वाले रमाकांत साहू (24) का 18 फरवरी को नेशनल कोल इंडिया लिमिटेड में इंटरव्यू था। वह घर पर कहकर निकला था कि गंगा नहाकर इंटरव्यू देने जाऊंगा। संदीप दो महीने बाद ही पिता बनने वाला था। सोमवार शाम चारों के शव पोस्टमार्टम के बाद घर भिजवाए गए। जैसे ही, शव घर पहुंचे, तो चीख-पुकार मच गई। यहां अंतिम संस्कार किया गया। नीरज कुमार वैश्य (23), कृष्णा वैश्य (26), कृष्णा साहू (24), प्रदीप साहू (ड्राइवर) घायल हैं। दैनिक भास्कर ने जयंत क्षेत्र में जाकर मृतक और घायलों के परिजन से बात की। रात तीन बजे मिली हादसे की खबर
रमाकांत की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके चाचा विश्वनाथ साहू ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह दोस्तों के साथ कुंभ गया था। उसके जाने के बाद हम लोग भी रिश्तेदार के यहां बारात में शामिल होने चले गए। तड़के 3 बजे हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। रमाकांत बचपन से ही पढ़ने में होशियार था। बुजुर्ग मां रोते-रोते हो रही बेहोश
बेटे प्रमोद यादव की मौत के बाद मां जमतिया देवी सुध-बुध खो गई हैं। वह रोते-रोते बेहोश हुए जा रही हैं। होश आते ही फिर रोना शुरू कर देती हैं। जमतिया ने बताया कि बेटा रविवार शाम को घर आया। उसने कहा था कि उसके सभी साथी प्रयागराज जा रहे हैं, मुझे भी जाना है। कुंभ जाने से पहले बेटे ने खुद अपने हाथों से चटनी बनाई। चटनी से खाना खाया। इसके बाद दोस्तों के साथ प्रयागराज के लिए निकल गया। ऐसा पता होता कि वह कभी लौटकर नहीं आएगा, तो उसे घर पर ही रोक लेते। जाने ही नहीं देते। प्रमोद के मौसा रामरतन यादव ने बताया कि साथ में गए सभी दोस्त बचपन से एक साथ खेले, पढ़े और बड़े हुए। दो साल पहले ही हुई थी संदीप की शादी
सिंगरौली के तियारा गांव के रहने वाले संदीप यादव की दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी सात महीने की गर्भवती है। दो महीने बाद वह पिता बनने वाला था। संतान के जन्म से पहले ही बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। बचपन के दोस्त रमेश ने बताया कि संदीप ने मुझे भी चलने के लिए कहा था, लेकिन घर के कुछ काम की वजह से मैं नहीं गया। सभी दोस्त एक साथ ही खेले और बड़े हुए थे। अब एक साथ दुनिया से भी अलविदा हो गए। संदीप को छोड़ बाकी तीनों वार्ड 20 जैतपुर के रहने वाले थे। तीन बहनों में इकलौता भाई था सुजीत
सुजीत यादव के चचेरे भाई अरुण यादव ने बताया कि वह अम्लोरी कोयला प्रोजेक्ट के लिए ओवी कंपनी में प्राइवेट नौकरी कर रहा था। दो साल पहले शादी हुई थी। हम धूमधाम से घर में बहू लेकर आए थे। अब इन्हीं कंधों पर उसकी अर्थी भी उठानी पड़ी। वह तीन बहनों के बाद इकलौता बेटा था। सुजीत यादव हादसे में घायल हो गया था। अमिलिया में प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिंगरौली के नेहरू शताब्दी अस्पताल ले गए थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घायल की सास बोली- अचानक ब्रेक नहीं लगा
हादसे में घायल प्रदीप शाह की सास गुड्डी शाह दामाद को देखने अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि सुबह बेटी प्रीति का फोन आया था। वह रो रही थी। उसने कहा कि पति प्रदीप प्रयागराज गए थे। रास्ते में एक्सीडेंट हो गया।हालत गंभीर है। सीने में चोट लगी है। ठीक से बात नहीं कर पा रहे। प्रदीप ने बताया था कि अमिलिया के पास ब्रेक नहीं लगा और गाड़ी खाई में गिर गई, उसके बाद कुछ याद नहीं। अमिलिया थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि बोलेरो में सवार लोग अमिलिया घाटी की चढ़ाई पार कर चुके थे। आखिरी टर्न के दौरान अंधेरे की वजह से शायद ड्राइवर समझ नहीं पाया। इसी वजह से सामने 10 से 12 फीट नीचे खाई में गाड़ी गिर गई। ड्राइवर अभी बात करने की स्थिति में नहीं है, इसलिए स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। यह भी पढ़ें… सीधी में खाई में गिरी बोलेरो, 4 की मौत सीधी में महाकुंभ जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हाे गई। दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। 4 लोग घायल हुए हैं। सभी को संजय गांधी अस्पताल रीवा भेजा गया है। खाई 30 फीट से ज्यादा गहरी है, लेकिन पत्थर और पेड़ों की वजह से गाड़ी 12 फीट से ज्यादा नीचे नहीं जा पाई। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *