माघ मेले के दौरान प्रयागराज जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। माघ मेले के दौरान ग्वालियर से प्रयागराज जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अब आगे और पीछे दोनों ओर इंजन लगाए जाएंगे। इससे ट्रेनों की शंटिंग करने में दिक्कत नहीं आएगी। इंजन को रिवर्स करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे के डिप्टी चीफ ऑपरेटिंग मैनेजर डीके जैन द्वारा जारी आदेश के अनुसार बुंदेलखंड एक्सप्रेस (11107-08) और प्रयागराज एक्सप्रेस (11801-02) में यह व्यवस्था 1 जनवरी से 16 फरवरी तक लागू रहेगी। ट्रेनें फुल, बढ़ेगी कोचों की संख्या माघ मेले के कारण प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में भीड़ रहेगी। कई तिथियों में सीटें फुल हो चुकी हैं और वेटिंग लंबी चल रही है। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाने के निर्देश दिए हैं। स्लीपर और एसी कोचों में भारी दबाव है, ऐसे में यह व्यवस्था यात्रियों को राहत देने वाली साबित होगी। इंजन बदलने में लगने वाला समय बचेगा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टर्मिनल या दिशा परिवर्तन वाले स्टेशनों पर इंजन बदलने में सामान्यत: 20 से 30 मिनट तक का समय लग जाता है। दोनों ओर इंजन लगाए जाने से समय बचेगा। राहत: 8 जनवरी से रिंग रेल 6 फेरों के लिए चलेगी
माघ मेले में ग्वालियर से प्रयागराज व प्रयागराज से ग्वालियर के लिए रिंग रेल का संचालन किया जाएगा। ग्वालियर से 8 जनवरी से हर सप्ताह गुरुवार को इटावा, प्रयागराज के लिए संचालित की जाएगी।


