भास्कर संवाददाता | अशोकनगर शहर के गांधी पार्क इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 4 साल का मासूम अयांश मौर्य अपने परिवार से बिछड़ गया। अकेले रोते हुए घूम रहे इस बच्चे को देख लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। यह खबर मिलते ही अशोकनगर पुलिस की चीता मोबाइल 1 टीम (आरक्षक अभयराज रघुवंशी और विशाल पारदी) तुरंत हरकत में आई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पहले तो मानवीय संवेदनशीलता दिखाई। बच्चे को बिस्किट खिलाकर शांत कराया। प्यार से बात करने पर अयांश ने सिर्फ अपना नाम और वर्धमान स्कूल का पता बताया। पुलिस ने तत्काल स्कूल के पास सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद जब पुलिस टीम बच्चे को गलियों में घुमा रही थी, तभी एक मोड़ पर परेशान माता-पिता उन्हें तलाशते मिल गए। इस दौरान माता-पिता को देखते ही अयांश खुशी से दौड़कर मां के गले से लिपट गया। मात्र एक घंटे में पुलिस की इस तत्परता ने बच्चे को परिवार से मिला दिया। इस तत्परता के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने चीता मोबाइल की इस फुर्ती के लिए उनकी जमकर तारीफ की। यह घटना पुलिस की संवेदनशीलता का शानदार उदाहरण बन गई है।


