भास्कर न्यूज | कोरबी-चोटिया चैत्र नवरात्रि पर मातिन पहाड़ पर विराजे मां मातिन दाई मंदिर में भक्तों ने मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराया है। दूर-दराज के गांवों से भक्त दर्शन करने पहुंच रहे हैं। परिवार की खुशहाली की मंगलकामना कर रहे हैं। प्रतिपदा तिथि से आस्था के प्रज्वलित ज्योति कलश की देखरेख कर माता की सेवा में मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य जुटे हैं। कोरबी-चोटिया क्षेत्र के देवी मंदिरों में दर्शन करने भक्त पहुंंच रहे हैं। चोटिया-कोरबी मुख्य मार्ग मातिन दाई मंदिर के साथ ही कोरबी के पहाड़ पर स्थित नकटी दाई मंदिर, सिरमिना के गुड़ी दाई मंदिर, पोड़ी-उपरोड़ा के मरखी माई मंदिर समेत परला दाई मंदिर में नवरात्रि पर विशेष पूजा की जा रही है। सुबह और शाम की आरती से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मांदर की थाप पर जसगीत से भक्त माता की आराधना कर रहे हैं। इस बार मातिन दाई मंदिर में 475 आस्था के दीप जलाए गए हैं।


