खैरथल के मातोर गांव में शनिवार को एक कुएं से पशु अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर किसान महापंचायत, विश्व हिंदू परिषद और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच में भैंस के पाए गए अवशेष खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुएं से पशु अवशेष निकलवाए और पशु चिकित्सकों से उनकी जांच कराई। प्रारंभिक जांच में ये अवशेष मृत भैंस के पाए गए। पुलिस ने अवशेषों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद रविवार सुबह किसान महापंचायत के पदाधिकारी, ग्रामीण और युवा खैरथल थाने पहुंचे। उन्होंने थाना अधिकारी रामकिशन यादव और पुलिस उपाधीक्षक लालसिंह से मुलाकात कर मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने घटनास्थल का दौरा किया और किसान महापंचायत तथा विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के साथ थाना अधिकारी रामकिशन यादव से मुलाकात की। थाना अधिकारी ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मौके पर रहे मौजूद इस दौरान विहिप से प्रहलाद छंगाणी, दिनेश कौशिक, योगेश गुप्ता, नवीन अग्रवाल, व्यापार समिति अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, कुमोद हेराऊ, मातोर सरपंच महेंद्र चौधरी, प्रथम डाटा, गुलशन शर्मा, नीरज चौहान, हिमांशु भारद्वाज, शिवानी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।


