मकर संक्रांति के अवसर पर डूंगरपुर जिले के माथुगामडा गांव में बच्चा चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना बुधवार सुबह पतंग उड़ाते समय हुई। बच्चा अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग का धागा पास से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की लाइन में उलझ गया। चाइनीज मांझे में मैटलिक पाउडर और धातु के अंश होने के कारण वह बिजली का सुचालक बन गया, जिससे बच्चे के शरीर में जोरदार करंट उतर गया। करंट लगते ही बच्चा बुरी तरह झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने तुरंत उसे डूंगरपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार करंट लगने से बच्चे के हाथ और शरीर के कुछ हिस्से काफी झुलस गए हैं और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली की लाइनों के पास पतंग न उड़ाएं और प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग करने से बचें।


