मानसा में भारतीय किसान यूनियन उग्राहां ने आदर्श स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने शहर में रोष मार्च निकाला और मैनेजमेंट कमेटी के विरोध में पर्चें बांटे। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह उग्राहां और नेता झंडा सिंह जेठूके ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट कमेटी ने अध्यापकों को अनुचित रूप से निकाल दिया है। अध्यापकों के साथ वेतन में भी धोखाधड़ी की जा रही है। आदर्श स्कूलों में बड़े पैमाने पर घोटाला : किसान नेता नेताओं ने बताया कि अध्यापकों के खातों में अधिक वेतन दिखाया जाता है। लेकिन वास्तव में उन्हें केवल 8-9 हजार रुपए दिए जाते हैं। उनका कहना है कि आदर्श स्कूलों में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है, जिसके सबूत उनके पास मौजूद हैं। बठिंडा के डिप्टी कमिश्नर ने इस मामले की जांच रिपोर्ट भी सौंप दी है। फिर भी पंजाब सरकार ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही मैनेजमेंट कमेटी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर देंगे।


