मानसा में चोरों ने रात के समय खड़े ट्राले के 10 टायर और रिम चोरी कर चोर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। घटना गांव जवाहरके की है। ट्राले ड्राइवर के पिता नछत्तर सिंह ने बताया कि उनका बेटा जगदीप सिंह रात करीब 7 बजे गाड़ी खाली कर घर लौटा था और ट्राले को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। रात के समय चोरों ने ट्राले के सभी टायर और रिम खोलकर कैंटर में लादकर फरार हो गए। सुबह जब देखा तो ट्राला टायरों के बिना ईट के सहारे खड़ा था। इसके बाद थाना सिटी वन पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय निवासी जगजीत सिंह और राजविंदर सिंह ने बताया कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस द्वारा रात में गश्त न करने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है। इस मामले में जब पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।


