पंजाब के मानसा जिले में ड्रेन का बांध टूटने से तीन गांवों में पानी घुस गया। जलबेड़ा, गोविंदपुरा और दयालपुरा गांव में पानी भर गया है। रिऊद गांव के पास ड्रेन में पानी ओवरफ्लो होने से बांध टूट गया।पानी घरों और खेतों तक पहुंच गया है। लगभग 700 एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है। किसान तरसेम सिंह और सरपंच गुरदीप सिंह ने बताया कि बीती रात बांध टूट गया, जिससे कई घरों में पानी घुसने से नुकसान का खतरा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वे चाहते हैं कि पानी को रोका जाए ताकि फसलों और घरों को बचाया जा सके। डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन उनके साथ है। पानी को रोकने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। प्रशासन ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। डिप्टी कमिश्नर ने चांदपुरा बांध का भी निरीक्षण किया।


