मानसा जिले के बरेटा के पास धुंध के कारण एक बोलेरो पिकअप गाड़ी नहर में गिर गई। इस गाड़ी में सवार 13 यात्रियों और एक बच्चे सहित कुल 14 लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह घटना बरेटा के नजदीक गांव बख्शीवाला के पास नहर के किनारे सुबह 11 बजे हुई। घने कोहरे के कारण बोलेरो पिकअप और एक ऑल्टो कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो पिकअप बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। वहीं कार सवार व्यक्ति भी सुरक्षित है। भोग समागम में जा रहे थे सभी बताया गया है कि पिकअप गाड़ी में सवार लोग गांव बख्शीवाला से सेखूवास में किसी भोग समागम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए नहर में गिरी गाड़ी से सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना बरेटा के इंचार्ज मेला सिंह और कुलदीप सिंह ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुबह धुंध के कारण बख्शीवाला नहर के पास यह टक्कर हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप बोलेरो गाड़ी नहर में गिर गई। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि गाड़ी में सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


