मानसा में बेअदबी छिपाने का दबाव बनाने पर दी जान:पूर्व सेवक ने निगला जहर, गुरुद्वारा खजांची पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस

मानसा के पास गांव बीरेवाला जट्टां में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले को दबाने और चुप रहने के कथित दबाव से तंग आकर 60 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर गुरुद्वारा कमेटी के खजांची के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर मानसा पुलिस ने मृतक बलविंदर सिंह (निवासी खोखर कलां) के बेटे सुगनदीप सिंह के बयानों के आधार पर गांव बीरेवाला जट्टां की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के खजांची मेवा सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा नंबर 255 दर्ज किया है। पावन अंग पर आपत्तिजनक शब्द लिखने का मामला शिकायतकर्ता सुगनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता बलविंदर सिंह (60) ने करीब दो साल पहले गांव के मुख्य गुरुद्वारा साहिब में सेवा निभाई थी। उस समय उनके पास गांव के दो बच्चे, जसकरण सिंह और जसनदीप सिंह, धार्मिक शिक्षा (संथिया) सीखने आते थे। बच्चों ने बलविंदर सिंह को बताया था कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन अंग 70 पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक शब्द लिखे गए हैं। इसे गंभीर मामला मानते हुए बलविंदर सिंह ने तुरंत इसकी जानकारी गुरुद्वारा कमेटी के खजांची मेवा सिंह को दी। मामला दबाने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप आरोप है कि मेवा सिंह ने मामले को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के संज्ञान में लाने का झांसा देकर बलविंदर सिंह को चुप रहने को कहा। लेकिन बाद में SGPC को सूचित करने के बजाय मेवा सिंह खुद को बचाने के लिए बलविंदर सिंह और दोनों बच्चों पर लगातार इस घटना को छिपाने और चुप रहने का भारी दबाव बनाने लगा। तनाव के चलते उठाया खौफनाक कदम परिजनों के मुताबिक, इस लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना के चलते बलविंदर सिंह पिछले काफी समय से बेहद परेशान चल रहे थे। इसी मानसिक दबाव से तंग आकर उन्होंने 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर में जहरीली वस्तु निगल ली। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *